अवैध बोरवेल करने वालों पर दर्ज होगा केस
अवैध तरीके से बोरवेल करने वालों के खिलाफ नगर निगम और पुलिस सख्त हो गई है। गुरुग्राम पुलिस ने निगम के साथ मिलकर बीते एक माह में विशेष अभियान चलाते हुए 15 बोरवेल सील किए। सील किए गए बोरवेल के खिलाफ पुलिस अब एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर रही है। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) चंद्रमोहन ने बताया कि पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए है कि थाना क्षेत्र में अवैध बोरवेल करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
साइबर सिटी में जल स्तर में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए पुलिस ने निगम के साथ मिलकर दिसंबर माह में बिना अनुमति बोरवेल करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस और निगम अधिकारियों की टीम ने सरस्वती कुंज, डीएलएफ फेज एक व दो, साउथ सिटी फेज-2, इस्लामपुर और झाड़सा में 15 बोरवेल को पकड़ते हुए सील किया।
इस संबंध में पुलिस उपायुक्त (पूर्व) चंद्रमोहन की ओर से निगम अधिकारियों को पत्र लिखकर पकड़े गए बोरवेल संचालकों के खिलाफ लिखित शिकायत देने को कहा है। निगम की ओर से शिकायत मिलने के बाद इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इससे पहले भी भोंडसी, सोहना, बाहदशाहपुर, न्यू कॉलोनी, भीमगढ़ खेड़ी समेत कई इलाकों में पुलिस ने अवैध बोरवेल करने वालों पर शिकंजा कसते हुए मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था।